विवेकानन्द केन्द्र कन्याकुमारी, मध्य प्रांत, सागर एवं स्वामी विवेकानंद विश्वविद्यालय, सागर के संयुक्त तत्वावधान में 26 सितंबर 2026 को स्वामी विवेकानंद विश्वविद्यालय सागर के प्रांगण में योग संगम एवं विचार गोष्ठी - 2026 का गरिमामय आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के योग साधक, शिक्षाविद, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
आयोजन के दौरान मुख्य अतिथि विवेकानन्द केन्द्र शाखा सागर के नगर संचालक श्री धर्मेंद्र शर्मा ने स्वामी विवेकानंद विश्वविद्यालय द्वारा शिक्षा, अध्यात्म एवं सामाजिक क्षेत्र में की जा रही गतिविधियों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। विवेकानन्द नीड़म, ग्वालियर से पधारे कार्यपद्धति प्रमुख श्री जनार्दन त्यागी ने योग संगम की भूमिका एवं उद्देश्यों पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए 24-25 अक्टूबर 2026 को लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान, ग्वालियर में आयोजित होने जा रहे राष्ट्रीय सम्मेलन 'योग शास्त्र संगम' की जानकारी दी तथा सभी योग साधकों एवं युवाओं से इसमें अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विभाग युवा प्रमुख डॉ. महेंद्र कुमार शर्मा ने विवेकानन्द केन्द्र के ध्येय, कार्यप्रणाली एवं राष्ट्र निर्माण में इसकी भूमिका का संक्षिप्त परिचय तथा योग आधारित जीवन-पद्धति को पीपीटी द्वारा प्रस्तुत किया। इसके पश्चात विभाग संपर्क प्रमुख डॉ. नरेंद्र कुमार चौरसिया द्वारा सभी उपस्थित साधकों, अतिथियों एवं विद्यार्थियों को ॐकार ध्यान का अत्यंत भावपूर्ण एवं अनुशासित अभ्यास कराया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से गुंजायमान हो उठा।
विश्वविद्यालय के संस्थापक कुलपति माननीय श्री अनिल तिवारी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए समाज के सभी आयु वर्गों को संस्कारवान बनाने की महती आवश्यकता पर बल दिया। अपने प्रेरणादायी अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने युवाओं के चरित्र निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा कि आज का युवा सब कुछ प्राप्त करना चाहता है, लेकिन उसके लिए आवश्यक पुरुषार्थ और कठिन परिश्रम करने से बचता है तथा अपनी असफलताओं के लिए सरकार एवं व्यवस्था को दोषी ठहराता है। उन्होंने बल दिया कि युवाओं को अपने भीतर पुरुषार्थ, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का विकास करना होगा।
इस अवसर पर विवेकानन्द केन्द्र कन्याकुमारी के प्रांत प्रमुख श्री नील रतन पात्रा, युवा प्रमुख श्री गौरव राजपूत, साहित्य प्रमुख श्री प्रदीप शुक्ला, विद्यालय प्रमुख श्रीमती सुप्रिया नवाथे, अमृत परिवार सहप्रमुख श्रीमती वंदना शुक्ला तथा स्वामी विवेकानंद विश्वविद्यालय के योग शिक्षा विभागाध्यक्ष श्री गगन कुमार, हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. ममता सिंह, प्रशासनिक अधिकारी श्री पी. के. दत्ता सहित समस्त शिक्षकगण, विभागाध्यक्ष, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन सत्र में नगर प्रमुख श्री चन्द्र प्रकाश शुक्ला ने सभी मंचासीन अतिथियों, आयोजकों, प्राध्यापकों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं विद्यार्थियों का हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। इस सफल आयोजन के माध्यम से योग, अध्यात्म, संस्कार, राष्ट्र निर्माण एवं युवा जागरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सारगर्भित विचार प्रस्तुत किए गए।








