विवेकानन्द केन्द्र कन्याकुमारी, राजस्थान प्रांत द्वारा इस वर्ष का दीपावली पूर्णकालिक मिलन भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित जैसलमेर में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के वीर प्रहरियों के साथ अत्यंत उत्साह एवं राष्ट्रभक्ति के भाव से मनाया गया।
इस विशेष अवसर पर कार्यकर्ताओं को माननीय किशोरजी एवं श्रद्धेय संत राम प्रकाश जी महाराज का पावन व प्रेरक सानिध्य प्राप्त हुआ। उत्सव के अंतर्गत कार्यकर्ताओं ने ऐतिहासिक लोंगेवाला युद्ध स्मारक एवं बावलियानवाला BSF बीओपी (BOP) पर जाकर देश की रक्षा में सदैव तत्पर जवानों को आत्मीयतापूर्वक तिलक लगाया तथा मंगलमय दीपक और मिठाइयाँ भेंट कीं। सभी ने सीमा प्रहरियों के साथ मिलकर देशभक्ति गीत गाए और सीमा सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं को करीब से जाना।
सायंकाल में मातेश्वरी तनोटराय मंदिर परिसर में BSF के जवानों के साथ भव्य भारत माता आरती संपन्न हुई, जिसके पश्चात सभी ने मिलकर आतिशबाजी के साथ दीपोत्सव का आनंद साझा किया। राष्ट्र रक्षा, धर्म रक्षा और संस्कृति रक्षा का व्रत धारण करने वाले पूर्णकालिक एवं युवा कार्यकर्ताओं के लिए देश के वीर जवानों के साथ मनाया गया
यह दीपावली पर्व जीवन की एक अत्यंत अद्भुत और अविस्मरणीय अनुभूति सिद्ध हुआ।








