विवेकानन्द केन्द्र कन्याकुमारी, हिमाचल प्रांत, कांगड़ा द्वारा कांगड़ा एवं मंडी जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में विवेकानन्द केन्द्र प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें 1,100 से अधिक विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस प्रतियोगिता में कक्षा नवमी, दसवीं, ग्यारहवीं, बारहवीं तथा महाविद्यालय स्तर के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। परीक्षा के सुचारु संचालन हेतु कांगड़ा जिले में न्यू एरा स्कूल ऑफ साइंसेज (छतरी, शाहपुर), स्कॉलर्स इंटरनेशनल स्कूल (घुरकड़ी, कांगड़ा), रेनबो इंटरनेशनल स्कूल (नगरोटा बगवां) तथा रेनबो इंटरनेशनल स्कूल (भवारना) को परीक्षा केंद्र बनाया गया था, जबकि मंडी जिले में राजकीय महाविद्यालय (लड़बड़ोल) में केन्द्र स्थापित किया गया।
प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न केंद्रों पर कार्यकर्ताओं द्वारा विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों को अपने जीवन में मार्गदर्शक के रूप में अपनाने तथा बुरी संगति से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का प्रेरक आह्वान किया गया।
इस प्रतियोगिता की विभिन्न श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को आगामी 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले भव्य समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा।








